केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के एक शाखा प्रबंधक और एक चपरासी को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सीबीआई के अनुसार, शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 5 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। लोन स्वीकृत होने के बाद 2.72 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की गई, लेकिन शेष राशि जारी करने के लिए शाखा प्रबंधक ने चपरासी के माध्यम से 15,000 रुपये की रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद यह रकम 10,000 रुपये पर तय हुई।
शिकायत मिलने पर सीबीआई ने मंगलवार को जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को रिश्वत स्वीकार करते हुए गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सीबीआई की लखनऊ इकाई द्वारा की गई है।
सीबीआई की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।





