मेरठ, विजिलेंस की टीम ने हापुड़ क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह को चार लाख की रिश्वत लेते मेरठ के रोहटा रोड से रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह बागपत में हुई एक हत्या के मामले में दो आरोपियों के नाम मुकदमे से निकालने के लिए रिश्वत मांग रहा था।
बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र के गोटखा गांव निवासी लोकेश बैसला ने बुधवार को बताया कि उन्होंने 2021 में गांव के ही रिछपाल से लगभग दो बीघा जमीन खरीदी थी। कुछ दिन बाद रिछपाल का शव गांव में ही पेड़ पर लटका मिला था। रिछपाल के परिजनों ने धारा सिंह, मनोज व अजय पाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।
इसके 10 दिन बाद केस को हापुड़ ट्रांसफर कर दिया गया। वर्तमान में हत्या के मुकदमे की जांच हापुड़ क्राइम ब्रांच कर रही है। क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर महेंद्र जांच अधिकारी है। लोकेश का आरोप है कि इंस्पेक्टर महेंद्र ने अजय पाल व मनोज का नाम मुकदमे से निकलवाने के लिए चार लाख रुपये की मांग की। इसकी शिकायत लोकेश ने विजिलेंस टीम से की थी
बुधवार को विजिलेंस टीम में जाल बिछाकर रोहटा रोड से महेंद्र को रिश्वत के पैसों के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया। बताया गया कि रोहटा रोड पर ही महेंद्र सिंह का मकान है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि विजिलेंस टीम इंस्पेक्टर महेंद्र के खिलाफ पर रिपोर्ट दर्ज करा रही है।