शाहजहांपुर जिले में बरेली की एंटी करप्शन टीम ने कलान के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सतीश कुमार मिश्रा व एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) सुशील सिंह को पांच हजार रुपये की रिश्वत के साथ रंगे हाथ पकड़ा है। दोनों ने शिक्षक से स्कूल से अनुपस्थित दिवस के निस्तारण के लिए धनराशि ली थी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने बताया कि कलान थाना क्षेत्र के देवगढ़ प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक डब्लू कुमार एक दिन ड्यूटी से गैर हाजिर रहे थे और उनकी अनुपस्थिति को छुट्टी में बदलने के लिए सम्बन्धित खंड शिक्षा अधिकारी सतीश मिश्रा ने उनसे पांच हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।
उन्होंने बताया कि इससे परेशान होकर पीड़ित ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी।अधिकारी ने बताया कि इसके बाद टीम ने एक योजना के तहत खंड शिक्षाधिकारी सतीश मिश्रा तथा सहायक अध्यापक सुशील कुमार सिंह को कलान क्षेत्र में एक मिठाई की दुकान पर सोमवार दोपहर बाद पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। द्विवेदी ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।




