अमरोहा जिले के गजरौला स्थित एक फैक्ट्री में गैस रिसाव से दहशत फैल गई, हालांकि स्थिति अब नियंत्रण में है। अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि गैस रिसाव के कारण गजरौला और आसपास के सुलतान नगर व लक्ष्मी नगर जैसे मोहल्लों की सड़कों पर घना धुआं फैल गया। स्थानीय लोगों ने सांस लेने में तकलीफ और गले व आंखों में जलन की शिकायत की।
अमरोहा की जिलाधिकारी (डीएम) निधि गुप्ता ने बताया कि स्टोर में रसायनों के दूषित होने के कारण रिसाव हुआ था, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है। निधि ने कहा कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. उमेश शुक्ला ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने स्थिति का गहन निरीक्षण करने के लिए अपनी टीम भेजी है।


