प्रयागराज, जिले के गंगा नगर के सोरांव थाना क्षेत्र में कानपुर-वाराणसी राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं घायल हो गईं।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (गंगा नगर) कुलदीप गुनावत ने बताया कि सोरांव थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुई इस दुर्घटना की सूचना सोरांव पुलिस को सुबह चार बजे मिली और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
गुनावत ने बताया कि इस दुर्घटना में बाल-बाल बचे 60 वर्षीय प्रेम नारायण ने मृतकों की पहचान सुरेश सैनी, सुरेश बाजपेयी, उनकी पत्नी और रामसागर अवस्थी के रूप में की है। ये सभी कानपुर के निवासी थे। इनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस गाड़ी को टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगा रही है। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।


