अयोध्या, मिल्कीपुर तहसील के इनायत नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवती संदिग्ध व बेहोश अवस्था में मिली। घटना कुचेरा मंजनाई संपर्क मार्ग पर भोला का पुरवा और बरियादेई गांव की सीमा पर हुई।
राहगीरों व स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक अमर बहादुर सिंह ने जांच शुरू की। युवती की पहचान खुशी पांडे के रूप में हुई। वह बीकापुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है।
खुशी लखनऊ की एक प्राइवेट कंपनी में काम करती है। उसकी शादी नहीं हुई है। लेकिन जब वह मिली, उसके माथे पर सिंदूर और पैरों में मेहंदी लगी थी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि किसी ने युवती के साथ दुर्व्यवहार कर उसे यहां छोड़ दिया। पुलिस ने युवती को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। उसकी बड़ी बहन और भाई भी मौके पर पहुंच गए हैं।
पुलिस का कहना है कि युवती के होश में आने के बाद ही घटना की सही जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है।