मेरठ में 50 लाख रुपये के आभूषणों की लूट के मामले में पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि 12 अगस्त को सोहराब गेट बस स्टैंड पर एक व्यापारी से करीब 50 लाख रुपये के आभूषण लूट लिये गए थे। उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में नौचंदी थाने में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई थी।
अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम ने बुधवार को जागृति विहार एक्सटेंशन में गुर्जर चौक के निकट बदमाशों को घेर लिया, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में देहरादून निवासी विश्वजीत सिंह (34), पुणे निवासी मोहम्मद (28) घायल हो गए जबकि सहारनपुर निवासी दुर्गेश कुमार (49) को पकड़ लिया गया।
सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से 304 ग्राम सोने के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद, दो अवैध तमंचे और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं। उन्होंने बताया कि घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।


