अयोध्या के अपर जिला मजिस्ट्रेट (कानून व्यवस्था) सुरजीत सिंह को कोतवाली नगर के सिविल लाइंस क्षेत्र के सुरसरी कॉलोनी स्थित उनके आवास में रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाया गया। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
बृहस्पतिवार को सुबह एडीएम के आवास पर जब उनकी नौकरानी पहुंची तो दरवाजा भीतर से बंद था। कॉल बेल बजाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो नौकरानी ने पड़ोस में रहने वाले अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय और पुलिस को जानकारी दी गई। मंडलायुक्त, डीएम समेत जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
पुलिस के पहुंचने पर फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया। दरवाजा खोलने पर एक कमरे में एडीएम गिरे हुए पाए गए। थोड़ी दूर पर खून भी बिखरा हुआ था। प्रारंभिक जांच के आधार पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा कि अधिकारी पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के रहने वाले अधिकारी के परिवार में उनकी पत्नी, बेटा और बहू हैं जो कानपुर में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार अयोध्या के लिए रवाना हो गया।
पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और विस्तृत जांच की जा रही है।


