उत्तराखंड के सहस्रताल में फंसे कर्नाटक के कई ट्रेकर को बचाने के लिए जारी अभियान की निगरानी के वास्ते कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्ण बी. गौड़ा बुधवार को देहरादून रवाना हो गये।
कर्नाटक के राजस्व विभाग की प्रधान सचिव रश्मि महेश ने चार ट्रेकर की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कर्नाटक के चार ट्रेकर की उत्तराखंड में मौत हो गई है, जबकि सहस्रताल में फंसे पर्वतारोहियों को बचाने के लिए बचाव अभियान जारी है।’’
रश्मि ने बताया कि इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नहीं हो पाई है। उनके अनुसार, गढ़वाल के जिलाधिकारी बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
रश्मि ने बताया कि भारतीय वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर भी इस काम में लगाया गया है।
इस बीच, कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्ण बी. गौड़ा बचाव अभियान की निगरानी और समन्वय के लिए देहरादून रवाना हो गए।
एक बयान में मंत्री ने कहा कि कर्नाटक के ट्रेकर के एक दल ने मंगलवार सुबह उत्तराखंड के सहस्रताल मयाली के ऊंचाई वाले क्षेत्र में अपना अभियान शुरू किया।
बयान के अनुसार, गंतव्य पर पहुंचने के बाद टीम ने फिर से शिविर में लौटने की कोशिश की, लेकिन वापसी के दौरान दोपहर दो बजे खराब मौसम के कारण वे वहीं फंस गए।
उन्होंने कहा, “कल रात हमें पता चला कि खराब मौसम के कारण कर्नाटक के ट्रेकर खतरे में हैं। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के माध्यम से उत्तराखंड सरकार, माउंटेनियरिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और केंद्र सरकार के गृह विभाग से संपर्क किया गया। उनकी मदद से कर्नाटक के ट्रेकर को निकालने का अभियान चलाया जा रहा है।”
गौड़ा के अनुसार, ‘‘स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हेलीकॉप्टरों की मदद से मंगलवार शाम को आपातकालीन बचाव अभियान शुरू किया गया। साथ ही, ट्रेकर को बचाने के लिए बुधवार सुबह नौ बजे भारतीय वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर उत्तरकाशी पहुंचा और आपदा प्रबंधन दल ने आज सुबह जमीनी रास्ते से शिविर की ओर बढ़ना शुरू कर दिया।’’
उन्होंने बताया कि कुछ ट्रेकर को निकाल लिया गया है और उन्हें देहरादून में सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा, “मैंने एक ट्रेकर से बात की और वहां की मौजूदा स्थिति के बारे में सटीक जानकारी जुटाई। बाकी लोगों को निकालने का काम जारी है और कर्नाटक सरकार ने शेष सभी ट्रेकर को निकालने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। मैं खुद इस अभियान में मदद करने के लिए बुधवार दोपहर को देहरादून के लिए रवाना हो रहा हूं।”
मंत्री ने कहा, “दुर्भाग्य से, कुछ ट्रेकर की मौत की खबरें भी आई हैं, जिसकी पुष्टि हम स्थानीय अधिकारियों और निजी एजेंसियों से करने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने हमें मृत ट्रेकर के शव निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया है। हम उत्तराखंड सरकार के संपर्क में हैं।


