लखनऊ, उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने सोमवार को कहा कि उनके पास इस बात के सबूत हैं कि कुछ लोग चार जून को लोगों से बड़ी संख्या में मतगणना केंद्रों पर पहुंचने के लिए कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपर मुख्य सचिव (गृह) दीपक कुमार के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डीजीपी कुमार ने कहा, ‘हमारे पास सबूत हैं कि कुछ लोग, लोगों से बड़ी संख्या में मतगणना केंद्रों पर पहुंचने की अपील कर रहे हैं। उनसे सख्ती से निपटा जाएगा और कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’
कुमार ने कहा, ‘हमारे पास ऐसे लोगों के नाम भी हैं और इसे सही समय पर साझा किया जाएगा।’
उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी कुछ लोगों ने समस्या पैदा करने की कोशिश की थी, लेकिन सभी जानते हैं कि तब ऐसे तत्वों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई थी।
उन्होंने कहा, ‘हम सभी पहलुओं पर नजर रख रहे हैं। स्थानीय खुफिया इकाइयां काम कर रही हैं। किसी भी अफवाह को फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है।’
अपर मुख्य सचिव (गृह) कुमार ने कहा कि 75 जिलों में 81 मतगणना केंद्रों पर मतगणना होगी और इसके लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार मतगणना सीसीटीवी निगरानी में होगी।
कुमार ने कहा कि विजय जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी सात चरणों के दौरान कहीं से भी चुनाव संबंधी हिंसा की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।


