अयोध्या, होली से करीब एक माह पहले ही मिलावटी चीजें बननी शुरू हो गई हैं।इस बार भी दुकानदारों ने मिठाइयां तैयार कर ली हैं। पापड़, कचरी सहित अन्य खाद्य पदार्थ भी तैयार कर कारोबारी स्टोर करने लगे हैं ताकि धड़ल्ले से बेच सकें। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच और सैंपलिंग की कार्यवाही अब शुरू की है। मिलावट खोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से शुक्रवार से छापामार कार्यवाही शुरू कर दी गई।
पहले दिन रुदौली तहसील क्षेत्र के ग्राम अहिरन पुरवा में राम सरनदासपुर में शिव कुमार के यहां से खोया का एक नमूना, सूरजलाल के यहां से दो नमूना, दुर्गापाल यादव के यहां से खोया का एक नमूना, विकास खण्ड मवई क्षेत्र में रामजी के यहां से बेसन एक नमूना, विश्वनाथ मिष्ठान भंडार से खोया व दही का एक एक नमूना, बालाजी किराना स्टोर से पापड़ व किसमिश का एक एक नमूना, ओमप्रकाश मिश्रा के यहां से रंगीन कचरी व बेसन का एक एक नमूना व एम एस महाजन ट्रेडर्स के यहां से रिफाइंड व पाम ऑयल दावत ब्रांड के नमूने लिए गए।
खाद्य विभाग की ओर से यह अभियान 24 मार्च तक चलेगा।
वहीं क्षेत्र के लोगों का कहना है खाद्य पदार्थों का सैम्पल लेने के बाद प्रयोगशाला से उसकी जांच रिपोर्ट त्योहार के बाद आएगी तो ऐसी जांच से क्या फायदा। जबकि नियमानुसार जांच रिपोर्ट 14 दिन में आ जानी चाहिए लेकिन यहां 20 से 25 या एक महीने बाद भी खाद्य पदार्थो की जांच रिपोर्ट नहीं आती।
इस समय चल रहे होली के अभियान में जो सैंपल लिए जा रहे हैं उसकी रिपोर्ट होली के बाद ही आएगी।होली के लिए तैयार किया गया मिलावट का सारा माल होली में ही खपा दिया जाएगा। अगर जांच रिपोर्ट में नमूना फेल पाया जाता है तो ऐसी जांच करने से क्या फायदा।क्योंकि जांच में खराब निकला खाद्य पदार्थ तो सारा खपाया जा चुका होगा।
खाद्य विभाग की ओर से शुक्रवार को रूदौली व मवई में सैंपल लिए गए।
होली पर मिलावट खोरों पर कार्यवाही के लिए विभाग की ओर से छापामार कार्यवाही शुरू कर दी गई है जो लगातार होली तक चलती रहेगी। खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच में फेल आने वाले सैंपलों पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्यवाही कब की जाएगी।इस सम्बन्ध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रुदौली बीएल वर्मा ने बताया कि रुदौली क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया हैं। जिसमे कुल 8 नमूने लिए गए है। जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और कल महाजन ट्रेडर्स कंजियाना रुदौली से अनिल ट्रेडिंग कंपनी गोंडा ले जाया जा रहे 15 किलो ग्राम के 320 टीन दावत ब्रांड का पाम आयल पकड़ा गया था। जिसका कुल वजन 4798 केजी है। जिसका मार्केट मूल्य 4,91795 रुपये आंका गया है। उन्होंने बताया कि अभी टीम का अभियान जारी है और मिलावट खोरों को कतई बख्शा नही जाएगा।


