मिर्जापुर जिले में जिले में एक ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिर्जापुर के हलिया थाना प्रमुख राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बंजारी कला गांव निवासी राम श्रृंगार वर्मा (25) शुक्रवार शाम अपने भाई नेता (20) और साथी बाबूलेश कोल (20) के साथ मोटरसाइकिल से किसी काम से जा रहे थे। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल राम श्रृंगार चला रहे थे।
उन्होंने बताया कि जैसे ही वे हलिया थाना क्षेत्र के पवारी कला प्लांटेशन पुल के पास पहुंचे, सामने से मिर्जापुर की ओर आ रहे एक ट्रक से उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में राम श्रृंगार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नेता और बाबूलेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हलिया पहुंचाया।
श्रीवास्तव ने कहा कि वहां चिकित्सकों ने बाबूलेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि नेता की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मां विंध्यवासिनी मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय भेजा गया हैं । पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश कर रही है।