काकामिगाहारा, भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में 44 साल का स्वर्ण पदक का इंतजार खत्म करते हुए शुक्रवार को गत चैंपियन चीन को 1-0 से हराकर ऐतिहासिक स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी सीधे क्वालीफाई कर लिया। भारत ने इससे पहले 1982 में दिल्ली में हुए एशियाई खेलों में महिला हॉकी का स्वर्ण पदक जीता था।
भारत की जीत की नायिका लालरेम्सियामी रहीं, जिन्होंने मुकाबले के 10वें मिनट में शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहीं लालरेम्सियामी ने मिले मौके का फायदा उठाते हुए गेंद को गोल के भीतर पहुंचा दिया। उनका यह गोल पूरे मुकाबले का निर्णायक गोल साबित हुआ।
हॉकी के मैदान पर भारत की बेटियों ने फिर लिखी स्वर्णिम कहानी…🇮🇳🏑🥇
एशियन गेम्स-2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई किया। पूरी टीम को इस ऐतिहासिक जीत… pic.twitter.com/hA6DegJzSl
— Hemant Khandelwal (@Hkhandelwal1964) October 2, 2026
इसके बाद चीन ने बराबरी के लिए लगातार दबाव बनाया, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति और गोलकीपर सविता पूनिया ने चीन के प्रयासों को सफल नहीं होने दिया। दूसरे क्वार्टर में सविता पूनिया ने पेनल्टी स्ट्रोक पर शानदार बचाव करते हुए भारत की बढ़त कायम रखी। इसके बाद भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में मजबूती से बचाव करते हुए चीन को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।
इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 1982 के बाद पहली बार एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया है। भारत 1998 और 2018 में भी फाइनल तक पहुंचा था, लेकिन दोनों मौकों पर टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। इस बार टीम ने फाइनल में चीन को हराकर 44 साल बाद एशियाई खेलों का खिताब अपने नाम किया।
एशियाई खेलों में महिला हॉकी का स्वर्ण जीतने के साथ भारत ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के क्वालीफिकेशन नियमों के तहत एशियाई खेलों की महिला हॉकी प्रतियोगिता की विजेता टीम को लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधा कोटा मिलना था।
फाइनल में चीन को रजत पदक मिला, जबकि जापान ने शूटआउट में दक्षिण कोरिया को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ देश ने एशियाई खेलों में महिला हॉकी में एक बार फिर महाद्वीपीय स्वर्ण पर कब्जा कर लिया।