भेलसर (अयोध्या), शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन 12 अक्तूबर को मां कामाख्या धाम पूरी तरह आस्था और भक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी रुदौली से भाजपा विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में 251 मीटर लंबी भव्य चुनरी यात्रा निकाली जाएगी।
यह यात्रा सुबह 11 बजे हरिहरपुर से शुरू होगी और मां के जयकारों तथा भक्ति गीतों के बीच मां कामाख्या धाम पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु मां को 251 मीटर लंबी चुनरी अर्पित करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है। हालांकि, उनके आधिकारिक कार्यक्रम की अंतिम पुष्टि होना अभी बाकी है।
इस बार चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की विशेष तैयारी की गई है। महिलाएं हाथों में पवित्र चुनरी लेकर और मां कामाख्या के जयकारे लगाते हुए यात्रा का नेतृत्व करेंगी। रुदौली तहसील के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। 251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा इस पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी।
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि मां कामाख्या धाम संपूर्ण क्षेत्र की जन-आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर वर्ष चुनरी यात्रा में क्षेत्र के लोग बड़े उत्साह के साथ भाग लेते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और महिलाएं इसमें शामिल होंगी। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में पहुंचकर मां कामाख्या का आशीर्वाद प्राप्त करें।
आयोजकों और स्थानीय प्रशासन की ओर से यात्रा मार्ग को व्यवस्थित करने, श्रद्धालुओं की सुविधा, पेयजल, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संपूर्ण आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंधों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।