गाजियाबाद, नंदग्राम थाना क्षेत्र से लापता हुए 30 वर्षीय पशु चिकित्सक डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज का शव बुधवार को मुरादनगर क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर खड़ी उनकी ब्रेजा कार से बरामद हुआ।
परिजनों ने 29 सितंबर को नंदग्राम थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर एक ब्रेजा कार काफी देर से एक ही स्थान पर खड़ी है और उसके अंदर एक व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही मुरादनगर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कार के अंदर शव मिला, जिसकी पहचान राजनगर एक्सटेंशन स्थित वीवीआईपी मंगल सोसायटी निवासी डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
जांच में कार से इंजेक्शन और दवाइयां मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, डॉक्टर के शरीर पर प्रथमदृष्टया बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में दवाइयों या बेहोशी की दवा की अधिक मात्रा लेने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और संबंधित जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि डॉक्टर घर से कब निकले, एक्सप्रेसवे तक कैसे पहुंचे और कार में मिली दवाइयों व इंजेक्शनों का उनकी मौत से क्या संबंध है। पुलिस परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।