हापुड़, जिले के धौलाना थाना क्षेत्र स्थित यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र फेस-1 में मंगलवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें तथा काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा।
बताया गया कि आग औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस चौकी के पास बी-12 भूखंड पर केमिकल से थिनर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में आग तेजी से फैल गई, जिससे मौके पर मौजूद मजदूरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही धौलाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने के अभियान में लगाई गईं। करीब एक घंटे के भीतर आधा दर्जन दमकल वाहन मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुट गए।
पुलिस और दमकल कर्मियों की मदद से फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी मजदूर या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
केमिकल की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैलने की बात सामने आई है। धुएं का घना गुबार काफी दूर तक दिखाई देने से आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। दमकल की टीमें लगातार आग को नियंत्रित करने में जुटी रहीं।
सीओ मुनीश चंद्र के अनुसार, फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से आग लगी है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।