लखनऊ के गोमती नगर इलाके के एक होटल के कमरे में गुजरात के रहने वाले एक व्यक्ति का शव फंदे से लटकता पाया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अमित शर्मा के तौर पर हुई है और वह मूल रूप से गुजरात के बनासकांठा जिले के पालनपुर का रहने वाला था लेकिन अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ में रहता था।
उन्होंने बताया कि होटल प्रबंधक ने सोमवार की शाम कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘कमरा अंदर से बंद था और दरवाजे के झीरी से देखा कि एक व्यक्ति फंदे से लटका है।
बयान के अनुसार मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को नीचे उतारा और उसे ट्रॉमा सेंटर ले गयी जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके आधार कार्ड पर दिए गए पते से उसकी पहचान अमित शर्मा के रूप में की गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने कमरे से एक फोन, लैपटॉप, कलम, हरे रंग की रस्सी और कपड़ों व अन्य सामान से भरे एक काले बैग को जांच के लिये प्रयोगशाला भेजा है।
बयान में कहा गया, ‘‘शर्मा के मोबाइल फोन से उसकी पत्नी से संपर्क किया गया और उसने पुलिस को बताया कि वह अभी छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने परिवार और बच्चों के साथ रह रही है।
पुलिस ने बताया कि शर्मा के रिश्तेदारों को सूचना दे दी गई है और वे लखनऊ पहुंच रहे हैं। साथ ही, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
थाना गोमतीनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई कराई गई। व्यक्ति को नीचे उतारकर चिकित्सकीय परीक्षण हेतु भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
— LUCKNOW POLICE (@lkopolice) August 11, 2026









