अयोध्या, कोतवाली रुदौली के ग्राम दलसराय के दलित युवक मनोज गौतम के साथ कोतवाली के आरक्षी अजीत यादव पर चोरी के शक में बेरहमी से मारपीट करने अवैध धन उगाही के आरोप में कोतवाली में तैनात निरीक्षक संतोष यादव और आरक्षी को एसएसपी ने पुलिस लाइन भेज दिया है।
आरोप है कि चोरी के मामले में मनोज गौतम की पिटाई की शिकायत मुख्यमंत्री से गई है। आरोप लगाया गया कि आरक्षी अजीत चोरी के शक में पूछताछ के लिए कोतवाली ले गए। आरक्षी अजीत यादव ने अमानवीय व्यवहार कर पीटा और घर की महिलाओं से पैसे का दबाव बनाया। परिवार से पैसा लेने के बाद भी मारपीट जारी रही। पुलिस की पिटाई में शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पड़ गए।
मारपीट के बाद पुलिस ने मामले को दबाने के लिए उसका शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया बाद में जमानत पर रिहा होने के बाद मनोज गौतम ने मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाई और शरीर पर मौजूद चोटों के निशान दिखाए। पीड़ित ने जांचकरा दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर ने निरीक्षक सन्तोष कुमार यादव एवं आरक्षी अजीत को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। दोनों पर कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने और मनमाने ढंग से कार्य करने के आरोप हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है।




