समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के बीच सोशल मीडिया पर हुई जुबानी जंग ने राज्य में राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है।
बुद्ध पूर्णिमा के आसपास शुरू हुई यह जुबानी जंग शनिवार को भी जारी रही, जिसमें नेताओं ने ‘एक्स’ और ‘फेसबुक’ जैसे प्लेटफॉर्म पर एक-दूसरे पर तीखे हमले किए।
कुशीनगर के बरमी बुद्ध विहार प्रांगण में बुद्ध पूर्णिमा कार्यक्रम के दौरान दोनों उप मुख्यमंत्रियों (मौर्य और पाठक) ने लॉन में टहलते हुए एक वीडियो साझा किया।
वीडियो में पाठक ने भगवान बुद्ध के संदेश और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए युवाओं से “क्रांति के लिए जागने” की अपील की।
इसके बाद, अखिलेश यादव ने व्यंग्य करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा का पालन होना चाहिए और वहां “नकारात्मक राजनीति” से बचना चाहिए। उन्होंने दोनों उप मुख्यमंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) के संबंधों पर भी सवाल उठाए।
शनिवार को यादव ने दोनों उप मुख्यमंत्रियों की तस्वीर साझा करते हुए तंज कसा कि “दो स्टूल को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती।” उन्होंने इससे पहले भी केशव प्रसाद मौर्य पर इसी तरह का व्यंग्य किया था।
इस पर पलटवार करते हुए मौर्य ने कहा कि एक “फिट और हिट जोड़ी” से सपा प्रमुख घबराए हुए हैं और दोनों उपमुख्यमंत्री जनता के भरोसे की पहचान बन चुके हैं।
मौर्य ने अपने राजनीतिक और वैचारिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए सपा पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में विभिन्न वर्गों के साथ अन्याय हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि 2047 तक “विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश” के लक्ष्य के साथ सभी अन्यायों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।
मौर्य ने एक अन्य पोस्ट में सपा पर व्यंग्य करते हुए 2027 के चुनावों को लेकर टिप्पणी की, जबकि पाठक ने भी सोशल मीडिया पर दोनों उपमुख्यमंत्रियों की एक साथ तस्वीर साझा कर कहा कि वे जमीनी स्तर पर काम करने में विश्वास रखते हैं।
पाठक ने सपा पर तुष्टीकरण और ‘‘घटिया राजनीति” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता सब जानती है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी।
इस बीच, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी सपा पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि विपक्ष हार से बौखलाया हुआ है और जनता फिर भाजपा को समर्थन देगी।




