गुजरात में विभिन्न स्थानीय निकायों के लिए रविवार को मतदान संपन्न हो गया, जिसमें भीषण गर्मी के बीच 15 नगर निगमों में 50 प्रतिशत से कम मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के अनुसार नगर निगमों में जहां 48.55 प्रतिशत मतदान हुआ, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। जिला पंचायतों में 60.22 प्रतिशत और तालुका पंचायतों में 61.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
यह चुनाव अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट सहित 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों में आयोजित किए गए। यह राज्य में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रियाओं में से एक है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा शाम छह बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, नगर निगमों में 48.55 प्रतिशत, नगरपालिकाओं में 58.12 प्रतिशत, जिला पंचायतों में 60.22 प्रतिशत और तालुका पंचायतों में 61.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
नगर निगमों में कच्छ जिले के गांधीधाम नगर निगम में सबसे कम 39.85 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि वलसाड जिले के वापी नगर निकाय में सबसे अधिक 65.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान शांतिपूर्ण रहा और किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में अपने मताधिकार का प्रयोग किया जबकि उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने सूरत में मतदान किया।
पुलिस के अनुसार, संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी और विशेष दस्तों की तैनाती के साथ त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
यह चुनाव अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के संशोधित नियमों के तहत कराए गए, जिसके लिए कई जिलों में वार्डों का पुनर्गठन और परिसीमन किया गया था।
यदि आवश्यक हुआ तो पुनर्मतदान 27 अप्रैल को कराया जाएगा। मतगणना 28 अप्रैल को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 30 अप्रैल तक पूरी होने की उम्मीद है।
भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी तथा और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन(एआईएमआईएम) के उम्मीदवार भी मैदान में थे, जिससे कई स्थानों पर बहुकोणीय मुकाबले देखने को मिले।
राज्य में नौ नवगठित नगर निगमों-नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आनंद, नडियाद, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर में पहली बार चुनाव कराए गए।




