अयोध्या के फतेहगंज क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासनिक टीम ने एक गैस एजेंसी पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। उसरू स्थित गोदाम पर प्रशासन की छापेमारी में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।जांच के दौरान गैस सिलेंडरों के स्टॉक और वितरण में भारी गड़बड़ी सामने आने से हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि जिला पूर्ति विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने फतेहगंज स्थित कुसुम गैस सर्विस पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान गोदाम में उपलब्ध गैस सिलेंडरों और रिकॉर्ड में दर्ज संख्या के बीच बड़ा अंतर पाया गया, जिससे कालाबाजारी की आशंका जताई जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाले एलपीजी सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रिफिलिंग कथित तौर पर व्यावसायिक सिलेंडर में किया जा रहा था, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। इसके अलावा रिकॉर्ड में हेराफेरी और वितरण प्रक्रिया में अनियमितताएं भी पाई गईं।
जांच के दौरान सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी सामने आई। गोदाम में लगा अग्निशमन यंत्र 10 नवंबर 2025 को ही एक्सपायर हो चुका था, लेकिन उसे बदलने या अपडेट करने की कोई कार्रवाई नहीं की गई थी, जो गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एजेंसी संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य गैस एजेंसियों पर भी प्रशासन की नजरें टिकी हुई हैं।

