गाजियाबाद जिले में एक भोजनालय में मामूली विवाद के कारण दो युवकों की कथित तौर पर चाकू से हमलाकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात उस समय की है जब दोनों गुट नशे की हालत में थे और खाना परोसने में देरी को लेकर उनके बीच तीखी बहस हो गई।
उसने बताया कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया।होटल में मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को घायल अवस्था में पाया।
पुलिस ने बताया कि तीनों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
ट्रांस हिंडन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निमिष पाटिल ने बताया कि मृतकों की पहचान श्रीपाल (25) और सत्यम (26) के रूप में हुई है। दोनों बहराइच जिले के निवासी थे और खोड़ा के नेहरू विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति बयान नहीं दे सका है।
पाटिल ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने दो हमलावरों की पहचान सूरज और राजन के रूप में की है, जबकि इस मामले में कई अन्य भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के लिए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनांक 30.01.26 को समय करीब रात्रि 10.00 बजे डायल 112 के माध्यम से थाना खोडा पर कुछ युवको मे विवाद व मारपीट होने के सम्बन्ध मे सूचना प्राप्त हुई । स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर जाकर जानकारी की गई । कुल 03 व्यक्ति घायल थे जिनको अस्पताल मे शिफ्ट किया गया था जिनमे से 02… pic.twitter.com/Oo0QiQ6ET3
— POLICE COMMISSIONERATE GHAZIABAD (@ghaziabadpolice) January 30, 2026




