गाजियाबाद, भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) मेरठ इकाई की टीम ने शनिवार दोपहर मुरादनगर थाने की पिंक बूथ इंचार्ज दरोगा प्रिया सिंह व हेड कांस्टेबल शाहिद अली को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
दरोगा ने एक लेखपाल से दहेज उत्पीड़न के मामले में माता-पिता का नाम हटाने के एवज में दो लाख रुपये मांगे थे। मोदीनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले में विभागीय जांच भी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हापुड़ जिले के खड़खड़ी गांव निवासी रजनीश त्यागी राजस्व विभाग में लेखपाल हैं। रजनीश ने बताया कि नवंबर 2024 में उनकी शादी मुरादनगर के गांव डिडौली निवासी चंचल त्यागी से हुई थी। चंचल ने पति रजनीश, सास कुसुम त्यागी व ससुर संजीव त्यागी समेत छह लोगों के खिलाफ बीते 12 अक्तूबर को मुरादनगर थाने में धोखे से शादी करने व दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था।
इसकी विवेचना दरोगा प्रिया सिंह के पास थी। रजनीश और उनके परिजन जमानत पर जेल से बाहर आए हैं। रजनीश का आरोप है कि प्रिया सिंह मामले से माता-पिता का नाम निकालने और धाराओं में बढ़ोतरी नहीं करने के नाम पर उनसे दो लाख रुपये मांग रही थीं। इसकी डील हेड कांस्टेबल शाहिद अली कर रहा था।
मांग पूरी नहीं होने पर दरोगा ने कुसुम व संजीव को आरोपी बनाने और दोबारा जेल भेजने की धमकी दी थी। काफी प्रयास के बाद एक लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसमें से 50 हजार रुपये पहले और बाकी रकम बाद में देनी थी। इसी बीच लेखपाल ने रिश्वत मांगने की शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन की मेरठ इकाई से कर दी।
रजनीश की शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन में प्रभारी अर्चना सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इस टीम ने महिला दरोगा और हेड कांस्टेबल को पकड़ने के लिए रजनीश के माध्यम से उनको शनिवार को रिश्वत के पैसे लेने के लिए मुरादनगर थाने बुलाया। रजनीश को केमिकल लगे नोटों की गड्डी देकर मुरादनगर थाने भेजा गया। वहां रजनीश ने जैसे ही दरोगा और हेड कांस्टेबल को 50 हजार रुपये दिए, वैसे ही एंटी करप्शन की टीम ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद टीम दोनों को मोदीनगर थाने लेकर पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराकर रकम सील कर दी।
प्रिया सिंह फिरोजाबाद जनपद के राजावाली स्थित गांव गढ़ी हट्टी की रहने वाली हैं। वह वर्ष 2023 बैच की दरोगा हैं। मेरठ में प्रशिक्षण के बाद गाजियाबाद में आरोपी दरोगा की पहली पोस्टिंग हुई थी। प्रिया मुरादनगर थाने में पिंक बूथ इंचार्ज थीं।
वहीं, हेड कांस्टेबल शाहिद अली हापुड़ जिले के थाना गुलावठी स्थित गांव सोहनपुर के रहने वाले हैं। वह वर्ष 2006 में पुलिस में भर्ती हुए थे।




