मध्य प्रदेश, ग्वालियर में युवा वकील ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों का आरोप है कि वकील मुरैना में तैनात महिला SI के साथ पांच साल लिव इन में था और 30 दिसंबर को दोनों शादी करने वाले थे।
लेकिन शुक्रवार की रात वकील ने मुरैना में महिला SI के कमरे में एक सिपाही को आपत्तिजनक हालत में देखा, जिसके बाद झगड़ा हुआ और रविवार रात को डिप्रेशन में आकर वकील ने मौत को गले लगा लिया।
ग्वालियर के गोले का मंदिर थाना क्षेत्र के आदर्श पुरम इलाके में रहने वाले वकील मृत्युंजय सिंह चौहान ने अपने किराए के घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। रविवार रात जब मृत्युंजय ने अपनी मां का फोन अटेंड नहीं किया तो फिर उन्होंने उसके दोस्तों को बताया। सोमवार सुबह दोस्त देखने पहुंचे तो मृत्युंजय अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
सूचना मिलते ही गोले का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृत्युंजय मूलतः श्योपुर जिले का रहने वाला है, खबर मिलते ही मृत्युंजय की मां शिव कुमारी चौहान भी ग्वालियर पहुंच गईं।
मां ने बताया कि उनके बेटा मृत्युंजय सिंह पिछले पांच साल से मुरैना में तैनात महिला SI के साथ लिव इन में रह रहा था। हर शनिवार को मृत्युंजय मुरैना में SI के पास जाता था। इसी महीने 30 दिसंबर को दोनों शादी करने वाले थे।
मां ने बताया कि मृत्युंजय ने पिछले दिन उन्हें फोन कर बताया कि उसके साथ बड़ा धोखा हुआ है। मृत्युंजय ने बताया कि महिला SI को सरप्राइज देने के लिए वह शुक्रवार रात मुरैना उसके क्वार्टर पहुंच गया।
जब उसने क्वार्टर के अंदर जाकर देखा तो वहां कमरे में महिला SI के अलावा आरक्षक भी था। कमरे में शराब की बदबू भी आ रही थी। जब उसने आरक्षक को फटकारा तो फिर विवाद हुआ। इसमें आरक्षक और उसके बीच मारपीट भी हुई। महिला SI ने आरक्षक को भगा दिया।
इस घटना के बाद से मृत्युंजय दुखी था, मां ने उसे काफी समझाइश दी। लेकिन बेटे ने आखिर खुदकुशी कर ली।




