अयोध्या समेत उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी की दोहरी मार शुरू हो गई है। माैसम विभाग ने प्रदेश के 20 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही इन इलाकों में संभावित शीत दिवस की भी चेतावनी जारी की गई है।
अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट और शीत दिवस की चेतावनी में गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बिजनाैर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर शामिल है।
बुधवार को भी सूरज के दर्शन नहीं हुए। बर्फीली हवाओं की वजह से ठिठुरन बढ़ गई है और दृश्यता कम होने की वजह से यातायात भी धीमा हो गया है।
मंगलवार का दिन पिछले 10 सालों में जिले का सबसे ठंडा दिन रहा और अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ठंड से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।




