अयोध्या समेत उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी की दोहरी मार शुरू हो गई है। माैसम विभाग ने प्रदेश के 20 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही इन इलाकों में संभावित शीत दिवस की भी चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में घने कोहरे के साथ चुभती हुई ठंडी पछुआ हवाएं चलीं और दिन के पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई। कई जिलों में दिन का पारा सामान्य से काफी नीचे लुढ़क गया। इससे ठिठुरन और गलन बढ़ गई। लोगों को दिन में ही अलाव का सहारा लेना पड़ा।
आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिम भारत और मध्य भारत के ऊपर बने प्रति-चक्रवात तथा ऊपरी हवा के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। निचले वायुमंडल में व्युत्क्रम परत बनने से दिन के अधिकांश समय दृश्यता कम रही।




