अयोध्या के प्रसिद्ध लता मंगेशकर चौक पर सोमवार दोपहर उस समय हंगामा मच गया जब ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने एक ट्रैक्टर चालक युवक के साथ कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट की। पूरी घटना मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में कैद कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक पुराने पुल से नया घाट की ओर ट्रैक्टर पर बांस का गट्ठर (बॉस) लादकर जा रहा था। लता मंगेशकर चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने उसे बीच सड़क पर रोक लिया। युवक का आरोप है कि बिना कोई कारण बताए पुलिसकर्मियों ने उसका कालर पकड़कर घसीटा, धक्का-मुक्की की और अपशब्द कहे।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक सड़क किनारे खड़ा होकर फूट-फूटकर रो रहा है और बार-बार कह रहा है, मैंने कुछ गलत नहीं किया… बिना वजह बेइज्जत कर दिया… मुझे घर जाना है।”मौके पर मौजूद राहगीरों और पर्यटकों ने पुलिसकर्मियों का विरोध किया। कुछ लोगों ने चेतावनी दी कि पूरा वाकया रिकॉर्ड हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मी नहीं माने।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लता मंगेशकर चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस अक्सर आम नागरिकों के साथ दबंगई भरा व्यवहार करती है। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में पर्यटकों की भारी भीड़ रहती है, जिसके चलते यहां ट्रैफिक व्यवस्था सख्त है, लेकिन कई बार यह सख्ती गुंडागर्दी में बदल जाती है।
सूत्रों के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई हो सकती है ।राम की नगरी में पुलिस की इस शर्मनाक हरकत ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




