अयोध्या, भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बीती रात से ही बारिश लगातार जारी है। सोमवार को दिन में कुछ देर के लिए बरसात अवश्य थमी, लेकिन दोपहर साढ़े तीन बजते-बजते फिर से झमाझम बरसात आरंभ हो गई। बीते 24 घंटे में औसतन 80 मिलीमीटर से ज्यादा बरसात दर्ज की गई है।
वहीं जिले में सर्वाधिक अमानीगंज ब्लॉक में दर्ज की गई है। अमानीगंज ब्लॉक के बांसगांव इलाके में तो शाम पांच बजे तक 183 मिलीमीटर तक बारिश हुई। वहीं मानसून ने भी रफ्तार पकड़ ली है। पहले जहां उम्मीद जताई जा रही थी कि मानसून की पहली बारिश 22 अथवा 23 जून को होगी, लेकिन अब विज्ञानियों ने यह संभावना व्यक्त की है कि 16 या 17 जून को ही मानसून की पहली बरसात होगी। सोमवार की बारिश भी मानसून जैसी ही रही।
हालांकि, विशेषज्ञ इसे प्री मानसून बारिश ही मान रहे हैं। भारी बारिश की वजह तेजी से आगे बढ़ते मानसून से मिल रही नमी है। मौसम विज्ञानियों ने पहले ही यह संभावना जताई थी कि शुक्रवार से रविवार के बीच अच्छी बरसात होगी, लेकिन अब यह सिलसिला आगे बढ़ेगा। माना जा रहा है कि आगामी सप्ताह तक रोजाना बरसात हो सकती है। भारी बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई है। इससे पहले शनिवार को लोगों को भीषण उमस का सामना करना पड़ा था।
तापमान कम होने के बावजूद वातावरण में व्याप्त नमी ने उमस में खासा इजाफा कर दिया था। वहीं सोमवार को बरसात ने लोगों को उमस व गर्मी से राहत दे दी। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह वजह है कि सोमवार को भारी बारिश हुई।
मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. सीताराम मिश्र के मुताबिक फिलहाल बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 5.5 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 97 व न्यूनतम 75 फीसद रही।