लखनऊ में चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एक तस्कर पकड़ा गया। वह इंडिगो एयरलाइंस से रियाद से लखनऊ पहुंचा था। उसने कंबल में इलेक्ट्रानिक ट्रांसफार्मर छिपा रखा था। जिसकी जांच करने पर उसके भीतर से सोने के बिस्किट बरामद हुए। पकड़ा गया सोना 1 करोड़ 17 लाख रुपए कीमत का बताया जा रहा है। कस्टम की टीम ने तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
कस्टम कमिश्नर निहारिका ने बताया कि सुबह रियाद से पहुंची इंडिगो एयर लाइंस की विमान से उतरे यात्रियों की चेकिंग की जा रही थी। एक पैसेंजर के पास कम्बल में लपेटकर रखा गया बड़ा सा कार्टून देख शक गहराया। उसकी बारीकी से पड़ताल की गई। कंबल हटाकर उसके रखा कार्टून खोला गया तो सोने के बिस्किट बरामद हुए।
निहारिका ने बताया पकड़ा गया आरोपी फैजान बिजनौर का रहने वाला है। वह कई साल से रियाद में रह रहा है। इसके पहले वह कितनी बार सोने की तस्करी कर चुका है इस बारे में पूछताछ चल रही है। उन्होंने बताया कि फैजान ने एक इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसफार्मर के अंदर कार्बन पेपर लगाकर सोने के बिस्किट रखे थे। इसके बाद इसे एक कार्टून में पैक करके उसे कंबल में लपेटकर ला रहा था।