आगरा में बृहस्पतिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 2 पर स्थित छलेसर फ्लाईओवर पर एक बस वहां खड़े एक कैंटर वाहन से टकरा गई। हादसे में बस में सवार कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि हादसा एत्मादपुर थाना क्षेत्र में आने वाले इलाके में सुबह करीब 4.30 बजे हुआ। उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस कानपुर से आ रही थी और आगरा बस स्टैंड की ओर जा रही थी।
नेशनल हाईवे-2 के छलेसर फ्लाईओवर पर तरबूज से भरा DCM रात को खराब हो गया था। चालक ने उसे डिवाइडर की साइड में ही खड़ा कर दिया था। गुरुवार तड़के कानपुर से आगरा आ रही फोर्ट डिपो की बस इसी DCM में जा टकराई। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर होने के बाद बस डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में बस में सवार चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। 12 पैसेंजर्स घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस उप-निरीक्षक उदयवीर सिंह ने बताया कि बस पहले सड़क पर खड़े कैंटर से टकराई और उसके बाद डिवाइडर पर चढ़ गई।
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान मणि (60), रेशम (65), मंडलेश्वर (28) और नरेंद्र सिंह चौहान (52) के तौर पर की गई है।
एसआई सिंह के अनुसार घायलों का यहां सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।