गोंडा जिले में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां वजीरगंज क्षेत्र के टिकरी गांव में सिलेंडर में ब्लास्ट से दो मकान जमींदोज हो गए। इनके मलबे में 14 लोग दब गए। जिन्हें पुलिस ने गांव वालों की मदद से बाहर निकाला। लेकिन तब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं एक ने अस्पताल में दम तोड़ा। 8 मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और 4 बच्चे हैं। 6 गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की उच्चस्तरीय जांच के भी आदेश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि टिकरी गांव निवासी नुरुल हसन के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस था। मंगलवार की रात करीब 11 बजे के आसपास उनके घर में विस्फोट हुआ। यह इतना तेज था कि नुरुल हसन मकान तो ढहा ही, बाजू वाला मकान भी जमींदोज हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची इसके बाद जेसीबी और पोकलेन मशीनों से मलबा हटाया गया।
हादसे में घायल मोहम्मद हकीम ने बताया कि रात 11 बजे के आसपास खाना बन रहा था, तभी गैस सिलेंडर में विस्फोट हुआ। गैस सिलेंडर हाल ही में खरीदकर लाया गया था। इससे दो मंजिला मकान ढह गया। पड़ोसी का भी मकान गिरा है। इसके बाद क्या हुआ, मुझे नहीं मालूम।
उत्तर प्रदेश: गोंडा में सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से एक मकान की छत ढ़हने से 7 लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया, ''थाना वजीरगंज के टिकरी में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद एक मकान की छत गिर गई। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया है।'' pic.twitter.com/KTip5Rj1IX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 2, 2021